आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत नीति आयोग की केंद्रीय टीम ने सरायकेला प्रखंड के विभिन्न पंचायत का किया दौरा,
Seraikella
सरायकेला। आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति एवं प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग के उद्देश्य से बुधवार को नीति आयोग की टीम ने सरायकेला प्रखंड के विभिन्न पंचायत का दौरा कर भौतिक निरीक्षण किया। टीम में नीति आयोग द्वारा नामित केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी सह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारत सरकार के निदेशक विकास सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे। सबसे पहले सरायकेला प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सरायकेला साधु चरण देवगम की अगुआई में जेएसएलपीएस से जुड़ी सखी दीदियों द्वारा उनका परंपरागत तरीके से भव्य स्वागत किया गया। मौके पर उन्होंने चलंत वेटनरी वैन का निरीक्षण किया। जहां प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी द्वारा उन्हें वैन की गतिविधियों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। इसके बाद केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी धोबाडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। जहां बाल विकास परियोजना की प्रखंड सुपरवाइजर सविता सिन्हा की प्रमुख उपस्थिति में उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी ली। साथ ही आंगनबाड़ी द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं को लेकर उन्होंने ग्रामीणों से भी वार्ता की। जिसमें उन्होंने योजनाओं की क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया। इसके बाद केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी विकास सिंह आयुष्मान आरोग्य मंदिर बुंडू पहुंचे। जहां उन्होंने सब केंद्र अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। मौके पर डॉ विशाल कुमार सहित अन्य सभी मौजूद रहे।
