झारखंड में अगले 4 दिन होगी झमाझम बारिश, पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी
Jharkhand झारखंड में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होगी।
झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पूरे प्रदेश में रविवार से 2 जुलाई तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। पिछले दो-तीन दिन से बारिश तो रोज हो रही है, लेकिन यह हल्की या मध्यम है। मौसम विभाग के रांची केंद्र ने कोल्हान के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगले 48 घंटे में बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तटीय राज्यों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका झारखंड के ऊपर से गुजरेगी। इसके कारण 29 जून से 2 जुलाई तक कोल्हान में भारी बारिश होने का अनुमान है।
इससे पहले मानसून के आगमन के साथ ही 16 से 18 जून तक काफी बारिश हुई थी। शनिवार को मौसम में काफी बदलाव देखने को मिला। सुबह मौसम साफ हुआ और धूप भी निकली, लेकिन फिर बारिश होने लगी। शाम तक इसमें बदलाव देखने को मिला। रुक-रुककर कई बार बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
झारखंड में करीब एक दशक के बाद इस बार मानसून ज्यादा मेहरबान रहा। यही कारण है कि 28 जून तक कोटा से अधिक बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में हर साल 28 जून तक 170.3 मिमी, जबकि 30 जून तक 189.5 मिमी सामान्य बारिश होती है। लेकिन इस साल 28 जून तक 306.5 मिमी बारिश हो चुकी है। यानी सामान्य से 80 फीसदी अधिक। अभी जून बीतने में दो दिन और हैं, ऐसे में कोटे से 100 फीसदी से भी अधिक बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
