सरायकेला के तबलापुर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान सप्ताह का विधिवत कलश स्थापना के साथ शुभारंभ,
Seraikella
सरायकेला।तबलापुर गांव के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में श्रीमद् भागवत सेवकवृंद द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान सप्ताह का विधिवत शुभारंभ रविवार को कलश स्थापना के साथ किया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर सुबह से ही भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा, जहां बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु कलश स्थापना में शामिल हुए।
आयोजकों के अनुसार यह धार्मिक आयोजन 13 दिसंबर को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। सात दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक कथा वाचन का आयोजन किया गया है। कथा वाचन के लिए प्रसिद्ध कथावाचक पंडित आशुतोष कर को आमंत्रित किया गया है, जो भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जीवन, लीलाओं तथा प्रमुख प्रसंगों पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालेंगे। श्रद्धालुओं के लिए यह आध्यात्मिक और ज्ञानवर्धक अवसर माना जा रहा है।कार्यक्रम में पुरोहित पंडित प्राण स्वामी त्रिपाठी सहित अन्य स्थानीय पुरोहितों और समाजसेवियों की उपस्थिति से आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।
