सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में नगर पंचायत ने उठाया सख्त कदम, दुकानों पर चलाया छापामारी अभियान,
Seraikela
सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में नगर पंचायत लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर पंचायत की टीम द्वारा विभिन्न वार्डों में स्थित दुकानों का निरीक्षण एवं छापामारी अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर पंचायत कार्यालय से लेकर सरकारी दुर्गा पूजा मंडप तक मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर अवस्थित दुकानों में चलाया गया। इसके पश्चात नगर के पाटरा साईं मोहल्ले में भी दुकानों की सघन जांच की गई।
यह छापामारी अभियान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा के निर्देशानुसार सिटी मैनेजर महेश जारिका के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान दुकानों में प्लास्टिक कैरी बैग, सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री की जांच की गई। जांच के दौरान दुकानदारों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई तथा वैकल्पिक सामग्री जैसे कपड़े या कागज के थैले अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस टीम में कार्यालय सहायक पहलाद, सफाई सुपरवाइजर बजरंग, विशाल सिंह देव तथा विकी गोप सहित अन्य कर्मी शामिल रहे। टीम ने दुकानदारों को नियमों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर जुर्माना एवं अन्य कार्रवाई की जाएगी।
