उपायुक्त ने भूमि संरक्षण योजनाओं के चयन को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न, योजनाओं के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा प्राथमिकता सूची के नियमानुकूल अनुमोदन हेतु निर्देश,
Seraikella
आज समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में भूमि संरक्षण योजनाओं के चयन से संबंधित विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि यंत्र, तालाब निर्माण/जीर्णोद्धार सहित विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की गई तथा विभागीय दिशा–निर्देशों के अनुरूप योजनाओं के चयन की पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि योजनाओं के चयन तथा किसानों के चयन की समस्त प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, नियमानुसार एवं निष्पक्ष रूप से संपादित की जाए। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अनुचित प्रभाव की गुंजाइश न रहे, इसके लिए सभी प्रखंडों से प्राप्त प्रस्तावों एवं सूचियों का परीक्षण एवं आवश्यक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने तालाब निर्माण एवं जीर्णोद्धार योजनाओं के संदर्भ में कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंडों से प्राप्त अनुशंसाओं का परीक्षण कर, लक्ष्य के अनुरूप तैयार प्राथमिकता सूचियों को स्वीकृत किया जाए। साथ ही, जिन लाभुकों को पूर्व में योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें प्राथमिकता सूची में सम्मिलित करते हुए आगामी लक्ष्य के अंतर्गत लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने तथा योजनाओं के विभागीय दिशा–निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रत्येक चरण में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व बनाए रखा जाए।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि इच्छुक एवं सक्रिय कृषक समूहों/व्यक्तियों को योजना के प्रावधानों के अनुसार कृषि यंत्रों का लाभ प्राथमिकता से प्रदान किया जाए, ताकि कृषक आधुनिक तकनीक अपनाकर कृषि उत्पादन क्षमता बढ़ा सकें।
बैठक में जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, DPM JSLPS, तकनीकी सहायक एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।
