*गृह रक्षा वाहिनी बहाली हेतु आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा की तैयारियों का उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने लिया संयुक्त रूप से जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश…*
Seraikella
सरायकेला-खरसावाँ जिला अंतर्गत गृह रक्षा वाहिनी के विज्ञापन सं0–01/2025 के तहत ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के नव नामांकन हेतु आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लूनायत द्वारा संयुक्त रूप से बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया। यह शारीरिक जांच परीक्षा सह लिखित परीक्षा आगामी 17 मार्च 2026 से बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित की जानी है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मैदान में की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ससमय पूर्ण की जाएं। साथ ही मैदान परिसर में सभी आवश्यक स्थानों पर स्पष्ट सूचना पट्ट एवं दिशा-निर्देश संबंधी साइनबोर्ड लगाए जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन एवं सुविधा के दृष्टिकोण से सहायता केंद्र, चिकित्सा केंद्र तथा पंजीकरण केंद्र सहित अन्य आवश्यक स्टॉल स्थापित करने का भी निर्देश दिया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की दुविधा की स्थिति में आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जा सके।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा स्थल की साफ-सफाई समय रहते सुनिश्चित की जाए तथा संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया के सुचारु संचालन हेतु सभी व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुदृढ़ कर ली जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को प्रातः निर्धारित समय पर प्रातः 5:00 बजे से परीक्षा केंद्र पहुंचेंगे , ताकि परीक्षा प्रक्रिया का संचालन व्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से ससमय पूर्ण किया जा सके।
सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्र परिसर बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में केवल अभ्यर्थियों को ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अभ्यर्थियों के साथ आने वाले परिजनों को निर्धारित स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही संपूर्ण चयन प्रक्रिया पारदर्शिता, अनुशासन एवं सुव्यवस्था के साथ संपन्न कराई जाएगी।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, निरीक्षक गृह रक्षा वाहिनी एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
