कुशपुतुल के सोगड़ा घाट पर पुल निर्माण टेंडर के बाद भी नही हुई शुरू, उपायुक्त से ग्रामीणों ने की जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग,
Seraikella
सरायकेला। नीमडीह प्रखंड के ग्राम कुशपुतुल के ग्रामीणों ने शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से नीमडीह प्रखंड अंतर्गत बामनी नदी स्थित सोगड़ा घाट पर पुल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और 99.28 लाख रुपये की स्वीकृति के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है। बरसात में बामनी नदी का जलस्तर बढ़ने से मार्ग पूरी तरह कट जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है, मरीजों को अस्पताल पहुँचाना कठिन हो जाता है और एंबुलेंस जैसी सेवाएं भी बाधित रहती हैं। जामडीह होकर वैकल्पिक रास्ता जरूर है, लेकिन वहां हाथियों का लगातार आतंक बना रहता है। इस मौके पर ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी नृपेन कृष्ण महतो, ललित कुमार महतो, अभिराम महतो, प्रदीप कुमार महतो, नीलकमल सिंह, जयदेव महतो, समीर कुमार महतो और विजय कर्मकार सहित कई ग्रामीणों ने पुल निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने की मांग उपायुक्त से की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया और संबंधित विभाग को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए।
