खरसावां में दो सड़को के सुदृढ़ीकरण और कोल बुरूडीह
आंगनबाडी केन्द्र निर्माण कार्य का विधायक ने किया शिलान्यास,
सड़कों के निर्माण से बेहतर कनेक्टिविटी होती है-गागराई,
kharsawan
खरसावां में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत दो सड़को के सुदृढ़ीकरण होगा। जबकि खरसावां के कोल बुरूडीह आंगनबाडी केन्द्र निर्माण कार्य होगा। जिसका विधिवत शिलान्यास खरसावां विधायक दशरथ गागराई, सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, समाजसेवी बसंती गागराई, जिला परिषद संदस्य कालीचरण बानरा आदि के द्वारा किया गया। विधायक ने सबसे पहले खरसावां के कोल बुरूडीह में 11 लाख की लागत से आंगनबाडी केन्द्र भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके बाद खरसावां प्रखंड के कांटाडीह भाया डेमकागोडा, दिरीगोडा होते हुए खरसावां-सीसी मुख्य मार्ग के घोडा चौक तक 9.700 किमी लम्बाई पथ सुदृढ़ीकरण कार्य 2.28 करोड की लागत से होगा। इसके अलावे बिटापुर पंचायत से जुमडी हाट के सोखानडीह चौक से सिदाडीह, नारायणडीह, होते हुए सीनी खरसावां मुख्य मार्ग तक 4.50 किमी लम्बाई पथ सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया।

मौके पर श्री गागराई ने कहा कि सड़कों के निर्माण से बेहतर कनेक्टिविटी होती है, जिससे लोगों, वस्तुओं और सेवाओं की आवाजाही सुगम होती है। इससे न केवल आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलता है, बल्कि सामाजिक संपर्क भी बढ़ता है। लोगों को एक-दूसरे से मिलने-जुलने और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने में आसानी होती है। उन्होने कहा कि शिशुओं की शिक्षा की शुरुआत आंगनबाड़ी केंद्रों से ही होती है। इसलिए शिशुओं के शिक्षा एवं शारीरिक विकास के लिए प्रत्येक गांव में आंगनबाड़ी केंद्र को नितांत आवश्यक बताया। श्री गागराई ने कहा कि भवन बनने के बाद आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन में सेविका व नौनिहालों को काफी सहूलियत होगी। इसमें सारे सामान को सेविका केंद्र में रख पाएंगी। उन्होंने संवेदक को गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य करने की नसीहत दी। इस दौरान मुख्य रूप से विधायक दशरथ गागराई, सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, समाजसेवी बसंती गागराई, जिप कालीचरण बानरा, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप, सांसद प्रतिनिधि कोन्दो कुभंकार, अरूण जामुदा, बबलु हेम्ब्रम, रामचन्द्र लोहरा, निरंजन दास, बुजनलाल कुभंकार, जगबंधु महतो आदि उपस्थित थे।
