शहीद स्थल बाघुड़िया में जमीन में बैठकर महिला मतदाताओं से किया संवाद, जिसके पास जनबल नहीं वही धनबल का सहारा लेंगे, झांसे में नहीं आना है: जोबा माझी
Ghatsila
घाटशिला: घाटशिला विधानसभा उप चुनाव में पार्टी प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए सिंहभूम की सांसद जोबा माझी खूब पसीना बहा रही हैं। जोबा माझी महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्रचार का रणनीति तैयार कर प्रत्येक दिन दर्जनों गांवों का भ्रमण कर मतदाताओं से झामुमो प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील कर रही हैं।

शनिवार को सांसद जोबा माझी ने घाटशिला के जेएन पैलेस होटल में महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, जिला परिषद अध्यक्ष बारी, सोमेश सोरेन की माता सुरजमनी सोरेन, ओडिशा झामुमो की अध्यक्ष अंजलि सोरेन भी प्रमुख रूप से शामिल रही।

इसके अलावा जोबा माझी ने ऐतिहासिक शहीद स्थल बाघुड़िया, पहाड़पुर आदि में जाकर मतदाताओं से सोमेश सोरेन के लिए समर्थन मांगा। सांसद ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहा मतदान के दिन जब तक ईवीएम मशीन बंद नहीं होता हैं तब तक शांत नहीं बैठना हैं।

उन्होंने कहा एक-एक घर मे दस्तक देकर हेमंत सोरेन की योजनाओं की जानकारी देना है। कहा कि उप चुनाव में जिनके पास जनबल नहीं है वही लोग धनबल का सहारा ले रहे है, लेकिन वैसे लोगों के झांसा में नहीं आना है।
