एक एवं 2 जनवरी को पिकनिक नहीं मनाएं आदिवासी हो समाज के लोग: गब्बर सिंह हेंब्रम,
Seraikela
सरायकेला। आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव गब्बर सिंह हेंब्रम ने आदिवासी हो समाज से अपील की है कि आगामी एक एवं 2 जनवरी को पिकनिक नहीं मनाएं। उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा है कि एक एवं 2 जनवरी को खरसावां, जगन्नाथपुर, सेरेंगसिया और उड़ीसा के कलिंगानगर में अपनी सीमा क्षेत्र पर बाहरी आक्रमण, ब्रिटिश हुकूमत और भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आवाज उठाने वाले आदिवासी हो समाज के लोगों को अलग-अलग जगह पर गोली बंदूक चलाकर और फांसी की सजा देकर अनगिनत लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसलिए यह समाज के लोगों के लिए ऐतिहासिक घटना का दिन है। उन्होंने अपील की है कि इस दिन समाज के लोग पिकनिक ना मना कर काला दिवस के रूप में शोक मनाते हुए शहीद हुए समाज के लोगों को श्रद्धांजलि दें। गब्बर सिंह हेंब्रम ने इस दिन शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए राजाबासा, जगन्नाथपुर और खरसावां चलने की अपील एवं अनुरोध किया है।
