चांडिल में बड़ा रेल हादसा, दो मालगाड़ियों की टक्कर, कई डिब्बे पटरी से उतरे, यात्री ट्रेन होती तो हो सकती थी बड़ी त्रासदी, रेल परिचालन ठप
Seraikella
सरायकेला : आद्रा रेल मंडल के चांडिल जंक्शन स्टेशन के पास शनिवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा हो गया। सुबह करीब 4 बजे टाटानगर से पुरुलिया की ओर जा रही आयरन लदी गुड्स ट्रेन चांडिल स्टेशन पार करने के बाद पटरी से उतर गई। पटरी से उतरे डिब्बे विपरीत दिशा से आ रही दूसरी गुड्स ट्रेन के डिब्बों से टकरा गए।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूसरी ट्रेन के भी कई डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा पितकी रेलवे गेट और स्टेशन के बीच हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर उस समय वहां से कोई यात्री ट्रेन गुजर रही होती, तो जान-माल की भारी क्षति हो सकती थी। रेलवे अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल उक्त मार्ग पर रेल परिचालन रोक दिया गया है।
