खरसावां–कुचाई में साल के अंतिम दिन घना कुहासा, दिन में हेडलाइट जलाकर चल रहे वाहन
Kharsawan
साल 2025 के अंतिम दिन खरसावां और कुचाई क्षेत्र में सुबह से ही घना कुहासा छाया रहा। कुहासे की चादर इतनी घनी थी कि दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि 31 दिसंबर 2025 सुबह के 8 बजे दिन मे भी वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
कुहासे के कारण राष्ट्रीय एवं ग्रामीण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली वाहनों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। कई स्थानों पर सुबह के समय दृश्यता 20 से 30 मीटर तक सिमट गई, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रही।

स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कुहासे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक सुबह-शाम कुहासा बने रहने की संभावना है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि ठंड के साथ कुहासे ने जनजीवन को प्रभावित किया है, हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से कुछ राहत मिली।
