घाटशिला उप चुनाव में जोबा माझी के नेतृत्व में झामुमो महिला विंग ने संभाला मोर्चा
Ghatsila
घाटशिला: घाटशिला उप चुनाव में पार्टी प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए झामुमो ने पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के नेतृत्व में झामुमो महिला विंग ने घाटशिला एवं मुसाबनी के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला झामुमो के पक्ष में मतदान की अपील की। महिला टीम में सांसद जोबा माझी के अलावा ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, जमशेदपुर की पूर्व सांसद सुमन महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन अंजली सोरेन, पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, दिवंगत रामदास सोरेन की पत्नी सूर्यमनी सोरेन समेत कई पंचायत की मुखिया और महिला समूह की सदस्य शामिल है।

जनसंपर्क अभियान के दौरान सांसद जोबा माझी ने कहा हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड विकास की ओर अग्रसर है। पूर्व शिक्षा मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन के अधूरे कामों को पूरा करने के लिए सोमेश चंद्र सोरेन को भारी मतों से विजयी दिलाने की अपील की।

जोबा माझी ने कहा राज्य गठन के बाद पहली बार हेमंत सोरेन की सरकार ने महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है।

मंईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, बकाया बिजली बिल माफी, दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त आदि योजनाओं से राज्य की जनता राहत महसूस कर रही हैं।
