छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने एवं पर्यावरण सहित समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 के लिए निबंध, भाषण एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का होगा आयोजन,
Seraikela
सरायकेला प्रखंड में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने एवं पर्यावरण सहित समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 के लिए निबंध, भाषण एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सरायकेला दिनेश दंडपात ने दी है।
उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गम्हरिया के निर्देशानुसार यह प्रतियोगिता प्रखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित की जाएगी।
बीईईओ ने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 तक के छात्र भाग लेंगे। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 के लिए “विकसित भारत कैसे हो” विषय पर अधिकतम 500 शब्द, जबकि कक्षा 9 से 12 के लिए “जीवन में अनुशासन” विषय पर अधिकतम 1000 शब्द निर्धारित किया गया है। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए “पर्यावरण सुरक्षा” तथा कक्षा 9 से 12 के लिए “भ्रष्टाचार की समस्या” विषय रखा गया है, जिसकी समय-सीमा अधिकतम चार मिनट होगी। वहीं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 के लिए “जंगल बचाओ, पर्यावरण बचाओ” और कक्षा 9 से 12 के लिए “बाल सुरक्षा” विषय निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि प्रखंड स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन 18 जनवरी 2026 को किया जाएगा। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों को जिला स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करें।
बीईईओ दिनेश दंडपात ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में बौद्धिक विकास के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों का भी विकास होता है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें और समय पर प्रविष्टियां भेजना सुनिश्चित करेंगे।
