अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सरायकेला समाहरणालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम, महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया गया जोर
Seraikella Kharsawan
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को सरायकेला समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में Jo
ba Majhi (सांसद, सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद जोबा मांझी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, सरायकेला-खरसावां विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय तथा सेविकाओं द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका, विभिन्न क्षेत्रों की सेविकाएं एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान भागीदारी के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, पोषण, सुरक्षा तथा बाल विवाह उन्मूलन से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि यह दिवस महिलाओं को समर्पित है और आज महिलाएं राष्ट्र निर्माण के हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त, जागरूक और पोषण के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।

मुख्य अतिथि सांसद Joba Majhi ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाएं शिक्षा और अपने अधिकारों से वंचित रह जाती हैं तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
सांसद ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर जागरूकता फैलानी होगी। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सेविकाओं तथा सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
