सरायकेला मे दिव्यांग बच्चों का प्रखंड स्तरीय सहायक उपकरण वितरण एवं जांच शिविर संपन्न, दिव्यांग बच्चों को विद्यालय पहुंचाने वाले सहयोगी को सरकार दे रही ₹500 प्रतिमाह एस्कॉर्ट भत्ता- दिनेश कुमार दंडपात
Seraikella सरायकेला: समावेशी शिक्षा के अंतर्गत प्रखंड संसाधन केंद्र, सरायकेला में दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण वितरण एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात एवं जिला समावेशी प्रभारी मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर श्री दंडपात ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी क्रम में समावेशी शिक्षा योजना के तहत विद्यालय जाने में असमर्थ दिव्यांग बच्चों को लाने-ले जाने वाले सहयोगी को ₹500 प्रतिमाह एस्कॉर्ट भत्ता दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बाल संसद एवं एसएमसी (स्कूल मैनेजमेंट कमिटी) के सदस्यों को प्रशिक्षण देकर उन्हें संवेदनशील किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वामी विवेकानंद प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रत्येक दिव्यांग व्यक्ति को प्रति माह ₹1000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर जिला समावेशी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जा रहा है ताकि दिव्यांग बच्चों को उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें विद्यालय आने योग्य बनाया जा सके और समावेशी शिक्षा का लाभ दिया जा सके। शिविर में ALIMCO रांची शाखा की विशेषज्ञ टीम द्वारा बच्चों की जांच की गई। टीम में डॉ. भानु सिंह, डॉ. आनंद सिंह एवं रवि सिंह एवं लव कुश गुप्ता शामिल रहे। जांच के क्रम में 24 नए बच्चों को उपकरण के लिए चिन्हित किया गया, जिन्हें जल्द ही उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा पूर्व में जांच किए गए 37 बच्चों को शिविर में सहायक उपकरण प्रदान किए गए। जिसमें तीन ट्राईसाइकिल, तीन व्हीलचेयर, दो कान की मशीन, दोएल्बो क्रच, आठ रोलेटर तथा 19 TLM का वितरण किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांतोना जेना, रिसोर्स शिक्षिक नरेंद्र प्रसाद सिंह, दिगंबर महतो, फिजियोथेरेपिस्ट पिंकी चाकी, अनीता तिर्की, शिक्षक राकेश कुमार, तुलसी नंदा, पूनम सिंह, संगीता बारला, सीमा महतो, मनोज कुमार महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
