भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के द्वारा रानी पद्मिनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय आपातकालीन सेवा एवं जीवन रक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम,
Seraikella
सरायकेला : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से सरायकेला जिला मुख्यालय स्थित रानी पद्मिनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए आपातकालीन सेवा एवं जीवन रक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर का सही प्रयोग कर लोगों की जान बचाने तथा प्राथमिक उपचार एवं फर्स्ट एड के महत्व से अवगत कराना था।
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सचिन दयाशंकर मिश्र ने छात्र-छात्राओं को सीपीआर की प्रक्रिया को सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि अचानक हृदय गति रुकने, बेहोशी या गंभीर दुर्घटना की स्थिति में समय पर दिया गया सीपीआर किसी भी व्यक्ति के लिए जीवन रक्षक सिद्ध हो सकता है। साथ ही उन्होंने प्राथमिक उपचार के अंतर्गत रक्तस्राव रोकने, चोट लगने, जलने, मोच एवं फ्रैक्चर जैसी स्थितियों में तुरंत किए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी दी।
वहीं डिजास्टर मैनेजमेंट से जुड़े राजेश मिश्रा ने आपदा प्रबंधन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए भूकंप, अग्निकांड, सड़क दुर्घटना एवं अन्य आपात परिस्थितियों में सतर्कता एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को घबराने के बजाय संयम बरतने और सही कदम उठाने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण में रुचि दिखाई और कई सवाल भी पूछे। विद्यालय प्रबंधन ने रेड क्रॉस सोसाइटी के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
