कुचाई के सुदूरवती पहाड़ी क्षेत्र स्थित रायसिंदरी पहुँचे विधायक दशरथ गागराई एवं उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, लोगों की समस्याओं से अवगत होकर त्वरित समाधान हेतु दिए निर्देश,
Kuchai खरसावां विधानसभा दशरथ गागराई, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी कुचाई सुदूरवती पहाड़ी क्षेत्र स्थित रायसिंदरी गाँव पहुँचे। वहाँ उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं से अवगत होते हुए उनके शीघ्र समाधान हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी,कुचाई को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान रायसिंदरी गाँव के मुंडा गोपाल सिंह मुंडा ने बताया कि गाँव दो पहाड़ों के बीच स्थित है जहाँ आवागमन हेतु सड़कों की ऊँचाई अधिक होने के कारण बड़े वाहन नहीं पहुँच पाते।

उन्होंने कहा कि पंचायत के एक गाँव को दूसरे गाँव से जोड़ने वाली सड़कों की स्थिति जर्जर है, जिससे ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पंचायत में स्वीकृत जलमीनार का कार्य अधूरा है, जिससे पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। साथ ही उन्होंने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रायसिंदरी में स्थानीय भाषा के शिक्षक की नियुक्ति, आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र हेतु विशेष शिविर के आयोजन करने की बात कही वही स्थानीय महिलाओ नें उज्ज्वला योजना के तहत गैस चूल्हा तथा मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का लाभ दिलाने की माँग रखी। उपायुक्त ने उक्त सभी विषयों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी कुचाई को निर्देशित किया कि आगामी 11 जून को प्रखंड स्तरीय विशेष शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएँ एवं सभी योग्य लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए। उपायुक्त नें कहा कि गाँव टोला में सर्वजन पेंशन योजना से वंचित शत प्रतिशत लाभुकों का आवेदन प्राप्त कर लाभ प्रदान करें। इसके अतिरिक्त,उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर मनरेगा अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के चयन कर स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा बिरसा हरित ग्राम योजना अंतर्गत फलदार पौधों का वृक्षारोपण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गाँव-पंचायत के समग्र विकास हेतु विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा,जिससे ग्रामीणों की आय में वृद्धि हो सके साथ ही स्थानीय उपज (फल/सब्जी/हल्दी आदि) को उचित बाजार एवं मूल्य प्राप्त हो सके। इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि दो पहाड़ों के बीच बसे इस दुर्गम गाँव में प्रशासन की पहुँच सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पंचायत में लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जाएँगे। साथ ही सड़कों की मरम्मति संबंधित शिकायतों के समाधान हेतु जिला स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी और जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा। इस क्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, डीआरडीए निदेशक डॉ.अजय तिर्की,अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार,जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुचाई सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहें।
