गम्हरिया में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर स्थानीयों में आक्रोश, थाना प्रभारी की कार्यशैली पर उठे सवाल, बढ़ते अपराध, घटती कार्रवाई पर पुलिस संरक्षण का आरोप
Gamharia गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के आर्का जैन कॉलेज मोड़ स्थित गोप होटल में बीती रात अज्ञात चोरों ने टीन के एस्बेस्टस छत को तोड़कर चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। होटल के मालिक सनातन गोप ने बुधवार सुबह इसकी सूचना गम्हरिया थाना को दी लेकिन सूचना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर स्थानीयों में खासा आक्रोश देखा गया। चोरों ने होटल से गल्ले में रखे करीब 14,000 रुपये नकद और पूरा सीसीटीवी कैमरा सेट चुरा लिया। होटल मालिक ने बताया कि जब सुबह होटल खोलने पहुंचे तो देखा कि छत टूटी हुई थी और सामान बिखरे हुए थे। इससे पहले भी इस होटल में दो बार और चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना के बाद जब पुलिस मौके पर देरी से पहुंची तो स्थानीय लोगों ने गम्हरिया थाना प्रभारी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी, छिनतई और आगजनी जैसी घटनाएं हो रही हैं लेकिन गम्हरिया पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार करने में विफल रही है। स्थानीयों ने यह भी आरोप लगाया कि जब गम्हरिया थाना प्रभारी छुट्टी पर होते हैं तब थाना के अन्य अधिकारियों द्वारा कार्रवाई कर चोरों को गिरफ्तार किया जाता है। लेकिन थाना प्रभारी के मौजूद रहते अपराधियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। इस आधार पर लोगों ने थाना प्रभारी पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप की आशंका जताई है। पिछले एक महीने के भीतर गम्हरिया थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में चोरी, झोपड़ी नुमा दुकानों से समान गायब, तीन होटलों में आगजनी, टाटा स्टील गम्हरिया गेट के पास ट्रक चालकों से छिनतई, टायर और तेल चोरी जैसी कई घटनाएं घट चुकी हैं। स्थानीय व्यवसायियों और पीड़ितों का आरोप है कि गम्हरिया थाना में एफआईआर तक दर्ज नहीं की जाती और शिकायत दर्ज कराने पहुंचे लोगों को बिना सुनवाई के लौटा दिया जाता है। इन घटनाओं से नाराज़ लोगों ने जिला प्रशासन से गम्हरिया थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली की जांच कराने और थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
