झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का संवेदना दौरा,
गम्हरिया प्रखंड के तीन परिवारों से मिलकर जताया शोक,
दोषियों को शीघ्र सजा मिलनी चाहिए-अर्जुन मुंडा
Gamharia झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शुक्रवार को खरसावां विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर हाल के दुखद घटनाओं में शोकग्रस्त परिवारों से भेंट की और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा सबसे पहले बीरबांस ग्राम पहुंचे। जहां 21 मई को अज्ञात हमलावरों द्वारा शक्तिपद कुंभकार की निर्मम हत्या कर दी गई थी। श्री मुंडा ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह एक जघन्य अपराध है और दोषियों को शीघ्र सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति दे। इसके बाद श्री मुंडा कोलेबिरा ग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के गम्हरिया पश्चिम मंडल अध्यक्ष साधन महतो की बड़ी मां के निधन पर परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और परिवार को यह वियोग सहन करने की शक्ति दे। वही अपने दौरे के अंतिम पड़ाव पर अर्जुन मुंडा गम्हरिया प्रखंड के दुगनी ग्राम पहुंचे, जहां भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता शिवशंकर कैबर्त के असामयिक निधन पर उनके परिजनों से भेंट की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे एवं परिवार को इस पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस पूरे संवेदना दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति देखने को मिली। इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष् उदय सिंहदेव विजय महतो, विमल साहू, विषकंठ प्रधान, राहुल दास समेत बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।