खरसावां के खेजुरदा में वार्षिक चड़क पूजा-अर्चना में
शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूजा-अर्चना कर देश
वासियों की सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना
kharsawan खरसावां के आस्था एवं विश्वास के प्रतीक खेजुरदा स्थित रामेश्वर शिव मंदिर में पारंपरिक तरीके से वार्षिक चड़क पूजा अर्चना की गई। इस पूजा अर्चना में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने पूजा अर्चना कर क्षेत्र व देश वासियों की सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने गांव के लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्हें क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।
इसके पूर्व पारंपरिक तरीके से स्थानीय जलाशयों से घट यात्रा निकाली गयी। मांदर व नगाड़े की थाप पर भोक्ताओं ने घट यात्रा निकाली तथा मंदिर में स्थापित किया। धार्मिक परंपरा वृंदवन घट व गरिया भार निकाल कर शिव मंदिर में पूजा अर्चना की गयी। इसके एक दिन पूर्व देर शाम पूरे भक्ति भाव के साथ निशा घट निकाली गयी। इस दौरान घट पाट में पूजा के लिये सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। जबकि आज सुबह कालिका घट व मडा पाट निकालने के साथ ही चड़क पूजा का समापन हो गया। बताया जाता है कि खेजुरदा गांव में 1802 में रामेश्वरम शिव मंदिर की स्थापना हुई थी। गांव के लोग बताते हैं कि रामेश्वरम शिव मंदिर का शिव लिंग स्वयंभू शिव लिंग है। अर्थात यहां स्वयं जमीन से शिव लिंग की उत्पत्ती हुई है। मंदिर स्थापना के पश्चात से ही यहां चड़क पूजा पर घट यात्रा सह मेला का आयोजन हो रहा है। सभी घट पारंपरिक रुप से निकाल कर यहां मंदिर में स्थापित भगवान रामेश्वर शिव को समर्पित की जाती है। इस वार्षिक पूजा अर्चना में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, सेवन साइट फुटबॉल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष उमेश सिंहदेव, रमानाथ महतो, शंभू पति, विजय महतो, राहुल दास आदि ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित थे।