भट्टा गोलीकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार व जिंदा कारतूस बरामद
Seraikella
सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भट्टा इलाके में युवक पर गोली चलाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में शुबहम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा, मैगजीन, 16 जिंदा गोलियां, चार जिंदा कारतूस, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा टीबीएस अपाचे मोटरसाइकिल (नंबर JH05EC-1079) बरामद की है।
गुरुवार को सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर थाना कांड संख्या 67/2026, दिनांक 3 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109/3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना 2 मार्च 2026 की है, जब शुबहम सरकार और राज लोहार ने राजवीर सिंह उर्फ लालू (लगभग 19 वर्ष), निवासी मांझी टोला सिरिस भट्टा, आदित्यपुर तथा उसके साथी आकाश दीप पर जान मारने की नीयत से गोली चला दी थी। इस दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे राजवीर सिंह उर्फ लालू को गोली लग गई थी। घायल को इलाज के लिए तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) जमशेदपुर में भर्ती कराया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर सवैंया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश कारण थी। पुलिस के अनुसार शुबहम सरकार के पिता पिछले तीन वर्षों से मानगो थाना क्षेत्र के एक हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। इसी दौरान उसकी मां का आकाश दीप नामक व्यक्ति से संबंध हो गया और वह उसे लेकर गुजरात चला गया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैंया, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, सहायक अवर निरीक्षक राजेंद्र कुमार, विनोद टुडू, रमण कुमार विश्वकर्मा, अमीश कुमार, महेश उरांव समेत अन्य पुलिस
अधिकारी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
